प्रधानमंत्री की उपस्थिति में सोमनाथ से होगा सीधा प्रसारण; मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे श्रद्धालुओं को संबोधित
जयपुर (सिन्धु गौरव न्यूज़)
सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई को देशव्यापी स्तर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जाएगा। राजस्थान में कला, साहित्य, संस्कृति विभाग तथा देवस्थान विभाग द्वारा इस आयोजन के लिए विशेष तैयारियाँ की गई हैं। जयपुर स्थित श्री झारखंड महादेव मंदिर में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम होगा।
प्रधानमंत्री की उपस्थिति में राष्ट्रीय कार्यक्रम
देवस्थान विभाग के आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि सोमवार प्रातः गुजरात के सोमनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रदेश के श्रद्धालु इस ऐतिहासिक गौरवपूर्ण पल के साक्षी बन सकेंगे।
मुख्यमंत्री का संबोधन और कलश यात्रा
जयपुर के श्री झारखंड महादेव मंदिर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सम्मिलित होंगे और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार:
- प्रातः शिव स्तुति एवं भजन गायन से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ होगा।
- आयोजन के दौरान भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
- भगवान शिव के विशेष दर्शन, श्रृंगार एवं पूजा-अर्चना के साथ सामूहिक महाआरती होगी।
- कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।

प्रदेश के 41 जिलों में गूँजेगा शिव जयघोष
शासन सचिव शुचि त्यागी के अनुसार, सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में भी विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से इन कार्यक्रमों को भव्य रूप दिया गया है।
सुरक्षा और दर्शन की विशेष व्यवस्था
तैयारी बैठक के पश्चात जिला कलेक्टर सन्देश नायक और आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री झारखंड महादेव मंदिर में गेट नंबर-2 से दर्शन हेतु आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई है। राज्य नोडल अधिकारी अनुराधा गोगिया ने बताया कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के माध्यम से इस पर्व का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है।

